इटावा:मन में कुछ करने का जुनून हो तो संसाधनों की कमी आड़े नहीं आती है
इसे प्राथमिक विद्यालय नगला मके के शिक्षक राम जी शर्मा ने सच कर दिखाया है।आज हम आपको शिक्षक दिवस के मौके पर ऐसे ही शिक्षक के बारे में बताने जा रहे है जिसने पूरी शिद्दत और अपनी कार्य कुशलता से विद्यालय को बदलने की कोशिश शुरू की और उसमें सफलता पाई।
बता दे कि इटावा के भरथना नगर के निवासी महेश चंद्र शर्मा के पुत्र राम जी शर्मा की अटूट मेहनत,लगन और अथक प्रयास से विद्यालय ने नित नई ऊंचाइयों को छुआ है जिससे आज के समय मे प्राथमिक विद्यालय नगला मके दे रहा है कॉन्वेंट स्कूलों को टक्कर।
और विद्यालय को अपना मंदिर एवं बच्चों को परिवार मानने वाले शिक्षक राम जी शर्मा बेसिक शिक्षा में एक दीपक के रूप में प्रकाश फैला रहे हैं।
वर्तमान में विद्यालय आसपास के कॉन्वेंट स्कूलों से किसी भी मामले में कम नहीं है।
7 नवंबर 2015 में शिक्षक राम जी शर्मा ने वर्तमान विद्यालय में कार्यभार ग्रहण किया तब विद्यालय की स्थिति अच्छी नहीं थी,अपने कुशल नेतृत्व और कार्य कुशलता से अभिभावकों से संपर्क,छात्र नामांकन में वृद्धि,छात्रों का ठहराव,जागरूकता आदि लगन के साथ कार्य किये। अपने इन 7 वर्षों के कार्यकाल में शिक्षक ने बेसिक शिक्षा और अपने विद्यालय के लिए समर्पित होकर उत्कृष्ट कार्य किए हैं।
शिक्षक ने घर-घर जाकर संपर्क किया
अभिभावकों में परिषदीय विद्यालयों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विश्वास पैदा किया। स्कूल में नामांकन वृद्धि, ठहराव, उपस्थिति,शैक्षिक गुणवत्ता के लिए विभिन्न प्रकार के नवाचार मॉडल, गतिविधि आधारित शिक्षण, आईसीटी के प्रयोग से उनके पढ़ाए बच्चों ने जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में कई बार प्रथम स्थान प्राप्त किया।
पिछले 5 सालों से विद्यालय में छात्र नामांकन लगभग 150 तक रहता है। विद्यालय में मात्र 2 कमरे हैं इसलिए मजबूरी में नामांकन बंद करना पड़ता है।
प्राथमिक विद्यालय नगला मके के शिक्षक रामजी शर्मा ने विद्यालय में बहुत बेहतर काम किया है उनकी पढ़ाई और जागरूकता का ऐसा जादू रहा है कि उनके विद्यालय में छात्र उपस्थिति 80 से 90% तक रहती है विद्यालय में पढ़ाई का इस तरह का माहौल है कि बच्चों को घर-घर जाकर बुलाना नहीं पड़ता बच्चे स्वयं विद्यालय में पढ़ने के लिए चले आते हैं।विद्यालय में शत प्रतिशत बच्चे पूरी यूनिफॉर्म, टाई,बेल्ट और आई कार्ड पहनकर विद्यालय आते हैं।
विद्यालय में 7 गांव के बच्चे पढ़ने आते हैं जबकि लगभग सभी गांव में सरकारी या कॉन्वेंट स्कूल संचालित हैं।विद्यालय अंग्रेजी माध्यम से संचालित है।सुबह की असेंबली में सप्ताह में 6 प्रार्थनाएं,अंग्रेजी और हिंदी में नेशनल प्लेज, योगा, पीटी,सुविचार,आज की ताजा खबर,राष्ट्रगान,नारे आदि गतिविधियां होती हैं।
विद्यालय में एडी बेसिक कानपुर,सांसद सहित अनेकों अधिकारियो ने निरीक्षण और भ्रमण कर विद्यालय के स्टाफ की प्रशंसा की।
कोरोना काल में जब बच्चे पढ़ाई से बाधित हो रहे थे तब मोहल्ला कक्षाओं एवं ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन करके बच्चों में शिक्षा की अलग को जगाए रखा।
*उपलब्धियां*
खेलकूद प्रतियोगिता में विद्यालय के बच्चों ने पीटी प्रदर्शन में मंडल स्तर पर प्रतिभाग कर स्थान प्राप्त किया,राजकीय आश्रम पद्धति में इस वर्ष 7 बच्चों का और अभी तक कुल 15 बच्चों का चयन हो चुका है,कबड्डी, खो–खो,दौड़ और अन्य कीडा प्रतियोगिता में जनपद स्तर पर प्रतिभागिता,विद्यालय का यूट्यूब चैनल है जिसमें विद्यालय के विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों को अपलोड किया जाता है जिसमें 1700 से अधिक सब्सक्राइबर हैं।ग्रीन स्कूल क्लीन स्कूल और मेरा विद्यालय मेरी पहचान में विद्यालय चयनित है।शैक्षणिक भ्रमण में बच्चों को लायन सफारी,कालीवाहन मंदिर, टिक्सी टेंपल,इटावा प्रदर्शनी, साईं मंदिर, सुमेर सिंह का किला सहित अनेकों स्थानों का भ्रमण कराया गया।
*सम्मान और पुरुस्कार*
राम जी शर्मा को अनेकों पुरुस्कारों और सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।उन्हें राज्य स्तरीय आईसीटी अवार्ड से सचिव बेसिक रूबी सिंह ने, एडुलीडर्स अवार्ड 2021 से बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश चंद्र द्विवेदी एवम निदेशक ललिता प्रदीप ने, एडुलीडर्स यूपी सम्मान 2022 में विजय किरन आनंद,महानिदेशक,स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश, राज्य स्तर और जनपद स्तर पर प्रशिक्षण में संदर्भदाता के रूप में कार्य किया, भारत स्काउट और गाइड का कोर्स किया है,राज्य स्तरीय शैक्षिक नवाचार कार्यशाला में अमरेंद्र सिंह उपशिक्षा निदेशक,राज्यस्तरीय मिशन शिक्षण संवाद कार्यशाला लखनऊ में शिक्षा निदेशक सर्वेंद्र विक्रम बहादुर ने, राज्यस्तरीय क्वालिटी एजुकेशन सेमिनार में एससीईआरटी अध्यक्ष ने, नवाचार कार्यशाला लखनऊ में शिक्षा निदेशक अजय सिंह एवम उपशिक्षा निदेशक डॉ अमरेंद्र सिंह ने, अंकुरम शिक्षा महोत्सव लखनऊ में मुख्य सचिव आलोक रंजन एवं विशेष सचिव राजशेखर ने,जिला स्तर पर उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान से विधायिका सरिता भदौरिया एवं डीआईओएस राजू राणा,शिक्षक सम्मान समारोह में डाइट प्राचार्य एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सम्मानित किया है।
इसके अतिरिक्त राज्य,मंडल,जिला और ब्लॉक स्तरीय अनेकों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करके पुरस्कार जीता है।
अनेकों स्वयं सेवी संस्थाओं लायंस क्लब भरथना,समरंभा फाउंडेशन,सोशल वेलफेयर एंड डेवलपमेंट सोसाइटी,टीचर्स क्लब उत्तर प्रदेश आदि ने भी सम्मानित किया है।