Featured Uncategorized प्रधानाध्यापक को अपहरण कर लूटा, फिरौती भी वसूली। adminAugust 25, 20230218 views जसवंतनगर/इटावा। प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक को स्कूल से लौटने के दौरान अपहृत कर बदमाश उसके घर से उसकी पत्नी से फिरौती के रूप में सरेआम 50 हजार रुपए वसूल ले गए। बदमाश प्रधानाध्यापक की बाइक और मोबाइल फोन भी लूट ले जाने में सफल रहे। बाद में प्रधानाध्यापक को कचौरा बाईपास रोड पर एक गड्ढे में धकेल कर फरार हो गए। अपहरण और फिरौती का यह कृत्य लगातार 6 घंटे तक बैखौफ बदमाशअंजाम देते रहे। घटना से पुलिस महकमे में सनसनी फ़ैल गई है। बदमाशों की घर पकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी तथा थाना प्रभारी जसवन्तनगर समेत कई टीमें लग गई है। क्योंकि जसवंतनगर इलाके में कई वर्षों बाद इस तरह की घटना अंजाम देने का बदमाशों ने दुस्साहस किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 55 वर्षीय प्रधानाध्यापक अवनीश कुमार कठेरिया उर्फ मधुर निवासी सिद्धार्थ महाविद्यालय रोड, लुधपुरा, जसवंतनगर जो निलोई के मूल निवासी हैं वे मंगलवार को स्कूल में पढ़ाने गये हुए थे। दोपहर छुट्टी के बाद डेढ़ बजे के लगभग वह स्कूल से निकलकर कुंजपुरा संकुल बैठक में भाग लेने के लिए अपनी बाइक से रवाना हुए थे। अभी वह स्कूल से निकलकर कुछ दूर ही पहुंचे थे कि उनके पीछे से एक इको गाड़ी और बाइक ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। इन दोनों वाहनों ने उनकी बाइक को घेर कर उन्हें सुनसान स्थल पर बाइक सहित रोक लिया। बताया गया है एक इको गाड़ी में चार युवक टाइप बदमाश, जबकि बाइक पर दो सवार थे। इको और बाइक के चालक पुलिस जैसी वर्दी पहने हुए थे। प्रधानाध्यापक की बाइक रोकने के बाद सभी बदमाशों ने उन्हें बाइक से खींचकर उनको इको गाड़ी में डाल लिया। बाद में एक बदमाश ने उनकी बाइक को कब्जे में लिया। इको गाड़ी में डालने के बाद बदमाशों ने प्रधानाध्यापक को मारा पीटा और बांध दिया तथा उनसे 5 लाख रुपए फिरौती की सीधी मांग की। वह अपने घर वालों को फोन करें और इतना पैसा उनके अकाउंट में तुरंत ट्रांसफर कराएं। प्रधानाध्यापक मधुर ने बदमाशों से कहा किउनके पास इतना पैसा नहीं है। तो बदमाश फिर 3 लाख की राशि पर आ गये। इतनी व्यवस्था भी न होने की सुन बदमाशों ने कुछ भी व्यवस्था करने को कहा तथा मधुर से अपने किसी साथी को फोन करने और व्यवस्था शीघ्र करवाने की कहा। प्रधानाध्यापक ने बदमाशों के भय से अपने एक शिक्षक साथी सहायक अध्यापक आशुतोष कुमार को फोन किया और उससे कहा कि वह कुछ रुपयों की व्यवस्था करके उसके घर भेज दें। बताते हैं कि उस साथी ने उसके घर 50 हजार रुपए जाकर दे दिए। इसके बाद बदमाश इको गाड़ी में अपहृत बैठे प्रधानाध्यापक को लेकर शाम छह और सात बजे के बीच तक घुमाते रहे तथा बदमाशों ने अपने एक साथी को प्रधानाध्यापक के घर रुपये लेने भेज दिया जहां उसकी पत्नी राजकुमारी से 50 हजार रुपयों की राशि घर जाकर ले ली तथा वसूली करने के बाद भी प्रधानाध्यापक को कचौरा बाईपास रोड की तरफ ले गए, जहां बाद में उन्हें एक गड्ढे में फेंक दिया। प्रधानाध्यापक ने बताया है कि उन्हें काफी देर में होश आया और वह गड्ढे से निकलकर सड़क पर आये। उन्होंने आती जाती गाड़ियों को रोकने की कोशिश की, मगर केवल एक बाइक सवार ने उन्हें अपनी गाड़ी पर बैठाकर हाईवे पर तहसील चौराहा पर छोड़ दिया, जहां से वह एक रिक्शा से रात 8 बजे के आसपास जसवंतनगर थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। प्रधानाध्यापक के साथ घटी घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई। क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर अतुल प्रधान ने सबसे पहले थाने पहुंचकर हाईवे के सभी थानों तथा टोल बूथों को सभी इको गाड़ियों की घेराबंदी और तलाशी के निर्देश दिए थे। समाचार लिखे जाने तक बदमाशों को पकड़ने के प्रयास जारी थे।